पूर्णिया। जिले में सहायक खजांची थाना पुलिस ने नकली मुद्रा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 हजार रुपये से अधिक के जाली नोट के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कस्बा थाना क्षेत्र के फकीर तकिया वार्ड-3 निवासी मोहम्मद जुबैर आलम के रूप में हुई है। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति जाली नोट के कारोबार में संलिप्त है। इस सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकली नोट बरामद किए गए। कुल बरामद राशि 45 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
एक ही सीरियल नंबर वाले ₹200 के नोट
जांच के दौरान सामने आया कि बरामद 200 रुपये के सभी नकली नोटों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि नोट एक साथ छापे गए थे। इसके अतिरिक्त 100 और 50 रुपये के जाली नोट भी बरामद किए गए हैं।
पहले भी दर्ज है मामला
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी नकली नोट प्रकरण में नामजद रह चुका है। 13 जनवरी 2026 को दर्ज एक मामले में आरोप था कि उसने बैंक के एटीएम में 200 रुपये के छह जाली नोट जमा किए थे। उस समय एटीएम मशीन ने नोटों को संदिग्ध चिह्नित किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से राशि खाते में जमा हो गई थी।
बाद में बैंक स्तर पर जांच में नोट नकली पाए गए। सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा में आरोपी की पहचान हुई थी। खाते की जानकारी के आधार पर उसका नाम-पता सत्यापित कर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसी कड़ी में आगे की कार्रवाई करते हुए इस बार उसके घर से बड़ी मात्रा में जाली नोट बरामद किए गए।
नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोटों का स्रोत क्या है, क्या आरोपी स्वयं इन्हें तैयार करता था या किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की जाएगी।