पूर्णिया: जिले में हुए सड़क हादसे में युवा जदयू के जिलाध्यक्ष राजू मंडल की कल मृत्यु हो गई। बताया गया है कि वे अपने एक मित्र की बारात से लौट रहे थे, तभी दुर्घटना का शिकार हो गए। इस असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। वे अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बेटी छोड़ गए हैं।
दुर्घटना के बाद पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा आज दिवंगत नेता के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राजू मंडल की बेटी को गोद लेने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्ची की परवरिश, शिक्षा-दीक्षा और विवाह तक की संपूर्ण जिम्मेदारी वे स्वयं निभाएंगे।
संतोष कुशवाहा ने परिवार की आर्थिक सहायता भी की और कहा कि राजू मंडल का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने स्वयं को भावनात्मक रूप से व्यथित बताते हुए कहा कि परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
अपने फेसबुक पोस्ट में उन्होंने उल्लेख किया कि अंतिम संस्कार से लौटने के बाद पूरी रात वे मानसिक द्वंद्व में रहे और अंततः एक निर्णय लेकर सुबह राजू मंडल के घर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात के दौरान उन्होंने बेटी के भविष्य की जिम्मेदारी लेने का औपचारिक ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि राजू मंडल उस बच्ची के जैविक पिता थे, जबकि आगे के जीवन में पिता का दायित्व वे निभाएंगे। इसे उन्होंने राजू मंडल के प्रति अपनी श्रद्धांजलि बताया। साथ ही यह भी कहा कि वे परिवार में राजू की कमी कभी पूरी नहीं कर सकते, लेकिन नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी के तहत यह कदम उठाया है।
पूर्व सांसद के इस निर्णय की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।