पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को 13 फरवरी को अदालत से तीनों मामलों में जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को पहली बार पूर्णिया पहुंचने पर समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उनके आगमन के साथ ही समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखा और बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए एकत्र हुए।
एयरपोर्ट पर उमड़ी भीड़, फूल-मालाओं से स्वागत
पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचते ही समर्थकों ने उन्हें बुके भेंट किए और फूलों की मालाएं पहनाईं। ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच नारेबाजी की गई। कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीन के जरिए पुष्पवर्षा भी कराई गई। एयरपोर्ट परिसर के बाहर सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।
समर्थक “पूर्णिया सांसद जिंदाबाद” और “बिहार का शेर जिंदाबाद” जैसे नारे लगाते नजर आए। सांसद के साथ तस्वीर लेने और स्वागत करने की होड़ भी दिखी।
सैकड़ों वाहनों के साथ निकला रोड शो
एयरपोर्ट से सांसद का काफिला सैकड़ों बाइक और कारों के साथ शहर की ओर रवाना हुआ। रोड शो एयरपोर्ट रोड से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ जेल रोड स्थित सांसद कार्यालय ‘अर्जुन भवन’ तक जाएगा। रास्ते में कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं और समर्थकों ने फूल बरसाकर अभिनंदन किया।
जमानत मिलने के बाद पहले भी मनाया गया जश्न
13 फरवरी को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशी जताई थी। अब उनके पूर्णिया आगमन पर समर्थकों ने इसे उत्सव का रूप दिया है।
