बिहार की राजधानी पटना में नगर सेवा की एक बस का ब्रेक फेल होने से सड़क हादसा हो गया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के फ्रेजर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां बस ने दो अन्य गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल पंप के पास नगर सेवा की एक बस पहले से खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से करीब 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही दूसरी बस का ब्रेक फेल हो गया। बस चालक ने वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन वह खड़ी बस से जा टकराई।
तीसरी गाड़ी भी आई चपेट में
दोनों बसों की टक्कर के दौरान बीच में मौजूद एक तीसरी गाड़ी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। जिस बस का ब्रेक फेल हुआ था, उसमें यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस में बैठे लोग घबराकर बाहर निकलने लगे और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। अधिकतर चोटें बस की आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को लगी हैं।
पुलिस ने संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया और स्थिति सामान्य की। ट्रैफिक पुलिस की ओर से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को घटनास्थल से हटाने की प्रक्रिया जारी है।
अधिकारी का बयान
एएसआई अरविंद कुमार निराला ने बताया कि हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं, लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि आवेदन प्राप्त होता है तो मामले को वरीय अधिकारियों के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस को सौंप दिया जाएगा।